नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार सुबह लाल किला, महापौर कार्यालय और कई प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत एक्शन लेते हुए सभी संशयित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षा जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

पुलिस के अनुसार सुबह करीब नौ बजकर सात मिनट पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसके बाद संबंधित परिसरों को तुरंत खाली कराकर खोजी कुत्तों और दमकल विभाग की मदद से गहन जांच की गई। राहत की बात यह रही कि घंटों चली छानबीन के बाद किसी भी स्थान से कोई संदेहास्पद वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

स्कूलों और परिसरों में एहतियातन उठाए गए कदम

घटना के दौरान स्कूलों द्वारा अभिभावकों को आधिकारिक संदेश भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया और विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आपात प्रतिक्रिया दलों ने तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कक्षाओं और प्रशासनिक भवनों की बारीकी से जांच की, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।

धमकी भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस 

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी धमकियां पहले भी शरारती तत्वों द्वारा दी जाती रही हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों और बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ता है। पुलिस अब इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने और उसे तलाशने में जुटी है।